मरीजाें की सांसों पर संकट
लाइक खान मंडल ब्यूरो
सीतापुर। जिला अस्पताल में लगा ऑक्सीजन प्लांट रविवार रात अचानक ठप हो गया। इस वजह से चार वार्डाें में भर्ती करीब 250 मरीजों की सांसों पर संकट गहरा गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों को सिलिंडर के माध्यम से ऑक्सीजन उपलब्ध कराई। सोमवार को वार्डाें में मरीजों की संख्या बढ़ने पर ऑक्सीजन सिलिंडर को लेकर मारामारी दिखी। इनमें सबसे ज्यादा दिक्कतें सांस रोग से पीड़ित मरीजों को उठानी पड़ी।
कोरोना के समय पीएम केयर फंड से डीआरडीओ ने जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाया था। देखरेख न होने से अक्सर यह काम करना बंद कर देता है। रविवार देर रात भी प्लांट अचानक बंद हो गया। बताया गया कि प्लांट में ऑक्सीजन नहीं बन पा रही है। इसके बाद मरीजों को सिलिंडर के सहारे ऑक्सीजन दी जा रही है।
स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि अस्पताल में अधिकतर सिलिंडरों की ऑक्सीजन प्लांट से रिफिलिंग की जाती है। इनमें 5 से 10 सिलिंडर इमरजेंसी के लिए रिजर्व रखे जाते हैं। ऑक्सीजन प्लांट ठप होने से चिल्ड्रेन वार्ड, जिरियाट्रिक वार्ड व मेडिकल ए संग बी वार्ड में मरीज व तीमारदार परेशान नजर आए।
सीएमएस डॉ. इंदर सिंह ने बताया कि डीआरडीओ को प्लांट सही करने के लिए पत्र लिखा गया है। उम्मीद है कि एक सप्ताह में प्लांट सही हो जाएगा। किसी भी मरीज को ऑक्सीजन की दिक्कत नहीं हो रही है। जरूरत पड़ने पर सिलिंडर से ऑक्सीजन उपलब्ध करवा रहे हैं।
